केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के काफिले पर हमला:राजस्थान के जोधपुर में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के काफिले की स्पेयर कार पर एक अज्ञात व्यक्ति ने हॉकी से हमला कर दिया। हमले घटना शुक्रवार शाम मंडोर क्षेत्र में हुई, जब मंत्री राव जी की गेर में शामिल होने पहुंचे थे। हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तुरंत सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और अज्ञात हमलावर की तलाश शुरू कर दी।
राजस्थान सरकार की वन टाइम सेटलमेंट योजना से किसानों को बड़ी राहत
मंत्री शेखावत अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ गेर में मौजूद थे, जबकि उनके काफिले की गाड़ियां एक ओर खड़ी थीं। अचानक किसी ने उनकी स्पेयर कार पर जोरदार हमला कर दिया और कांच तोड़ दिया। इस हमले के बाद पुलिस सतर्क हो गई और मंत्री की सुरक्षा बढ़ा दी गई। मंत्री शेखावत इसके बाद जालोरी गेट पहुंचे, जहां उन्होंने भीतरी शहर में लोगों से मुलाकात की और होली की शुभकामनाएं दीं। जालोरी गेट पर भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
रावजी की गेर में उमड़ा जनसैलाब
धुलंडी के दिन मंडोर क्षेत्र में सैनिक क्षत्रिय माली समाज की ओर से रावजी की गेर का आयोजन किया गया। इसमें हजारों लोग शामिल हुए। फाग गीतों के साथ नाचते-गाते हुए गेरिए पूरे जोश में नजर आए। पारंपरिक पूजन के बाद दोपहर 2:45 बजे मंडवता बेरा की गेर रवाना हुई। यह गेर खोखरिया बेरा, भियाली बेरा, गोपी का बेरा होते हुए फतेहबाग पहुंची। इसके बाद राव राजा आमली बेरा, लाला का बेरा और भलावता बेरा से होते हुए मंडोर नागकुंड पहुंची।
नागकुंड में पारंपरिक रस्मों के अनुसार गेरिए पानी से भरी डोलचियां एक-दूसरे पर डालते हुए होली खेलते नजर आए। पूरा क्षेत्र रंगों से सराबोर हो गया। इसके बाद गेरों का विसर्जन किया गया। इस पूरे आयोजन में लोगों का उत्साह देखने लायक था। वहीं, जोधपुर में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के काफिले पर हुए हमले के कारण सुरक्षा को लेकर प्रशासन भी सतर्क रहा।